विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर उत्तर पश्चिम रेलवे का विशेष जागरूकता अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पर उत्तर पश्चिम रेलवे का विशेष जागरूकता अभियान

15 मई से 05 जून तक चलेगा पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम

जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 मई से 05 जून 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य ?मदर अर्थ? यानी धरती माता के सामने बढ़ती चुनौतियों को लेकर लोगों को जागरूक करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व बन चुका है ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन मिल सके। इसी दिशा में रेलवे द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण को मजबूत बनाने के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। पारंपरिक संसाधनों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाकर उत्तर पश्चिम रेलवे प्रदूषण रहित वातावरण की मुहिम को आगे बढ़ा रहा है, साथ ही इससे राजस्व की भी बचत हो रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत सभी मंडलों और यूनिटों में जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियां कराई जाएंगी।

अभियान के दौरान आमजन को जागरूक करने के लिए स्काउट एवं गाइड द्वारा जागरूकता रैली निकाली जाएगी और नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया जाएगा। साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, मंडलों और कार्यशालाओं में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और ?मिशन लाइफ? के सिद्धांतों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।