पालनपुर हिमाचल स्टेशन चमका, लोग बोले- ट्रेन बाद में, फोटो पहले!

जम्मू मंडल के गठन के बाद रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने विकास कार्यों में जिस तेजी और समर्पण का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। आंधी-तूफान और बारिश जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी टीम ने हार नहीं मानी और रात-दिन एक करके लगातार काम किया। 24 घंटे निगरानी और सतत निरीक्षण के साथ जम्मू मंडल के सीनियर डीईएन शुभम पवार के नेतृत्व में पालनपुर हिमाचल रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर उसे बेहद सुंदर और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया।

स्टेशन का नया रूप अब स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। स्टेशन की साफ-सफाई, बेहतर संरचना और सुंदरता देखकर लोग काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं। स्टेशन पर आने वाले लोग अब यहां रुककर सेल्फी लेते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि स्टेशन का नया रूप लोगों को कितना पसंद आ रहा है।

सबसे बड़ी सकारात्मक खबर यह है कि वर्ष 2022 से बंद पड़ी ट्रेन सेवा को फिर से शुरू करने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह ट्रेन जून के पहले सप्ताह में दोबारा चल सकती है। ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

इस संबंध में सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने कहा कि ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त सुधार कार्य भी किए जाएंगे।

रेलवे के इस सकारात्मक प्रयास से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पालनपुर हिमाचल स्टेशन सिर्फ यात्रा का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि यह विकास और आधुनिकता की एक नई पहचान बनकर उभरेगा।