वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अवैध तंबाकू बिक्री पर पुलिस की सख्त कार्रवाई रियासी पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर दुकानदार को किया गिरफ्तार

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रियासी पुलिस ने अवैध तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ?नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर? अभियान के तहत वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू सामग्री बरामद की और एक दुकानदार को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रियासी मुकुंद तिब्रेवाला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस पोस्ट बाणगंगा क्षेत्र में बाथिंग घाट नंबर-02 के पास नियमित नाका जांच एवं गश्त के दौरान एक दुकानदार को बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद बेचते हुए पकड़ा गया।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान की तलाशी ली, जिसमें लगभग 450 सिगरेट, करीब 1000 पैकेट चबाने वाला तंबाकू तथा लगभग 900 पैकेट विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी मनोह, तहसील अखनूर, जिला जम्मू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में यात्रा मार्ग पर दुकान संचालित कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी जब्त सामग्री के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इस मामले में थाना कटड़ा में एफआईआर नंबर 146/2026 धारा 223(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई थाना कटड़ा के एसएचओ इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के नेतृत्व में, एसडीपीओ कटड़ा डॉ. भीष्म दुबे तथा एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी की निगरानी में संपन्न हुई।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि तीर्थयात्रियों एवं आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।