जम्मू मंडल के स्टेशन पर पंखा बंद मिला तो कर्मचारी की नींद बंद!—सीनियर डीसीएम उचित सिंघल

जम्मू। बढ़ती गर्मी के बीच यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जम्मू मंडल के सीनियर डीसीएम उचित सिंघल पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं। यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं को दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

सीनियर डीसीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से आदेश दिए हैं कि स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पीने के ठंडे पानी, पंखों, एसी वेटिंग रूम और प्रतीक्षालयों की व्यवस्था को हर हाल में सुचारु रखा जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी स्टेशनों पर कर्मचारियों को अपने कार्य पर सतर्क रहने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने दो टूक कहा कि यात्रियों से संबंधित कोई भी शिकायत नहीं आनी चाहिए, और यदि किसी स्टेशन से शिकायत प्राप्त होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उचित सिंघल की कार्यशैली बेहद अनुशासित और यात्रियों के प्रति संवेदनशील है। वह न केवल कार्यालय से निगरानी कर रहे हैं, बल्कि दिन-रात 24 घंटे मंडल के स्टेशनों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। खास बात यह है कि वह मौसम की परवाह किए बिना स्वयं स्टेशनों पर जाकर निरीक्षण करते हैं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं।

यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन की यह सक्रियता सराहनीय है। सीनियर डीसीएम की तत्परता और सख्ती के कारण जम्मू मंडल के स्टेशनों पर व्यवस्थाएं लगातार बेहतर हो रही हैं।

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि यात्रियों को गर्मी के मौसम में भी स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले और जम्मू मंडल के स्टेशन सुविधाओं के मामले में मिसाल बनें।