हरदोई में ग्राम न्यायालय के पास युवकों में मारपीट, थप्पड़ और चप्पलों से हमले का वीडियो वायरल, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम न्यायालय के पास दो युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों युवक एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे युवक को कई थप्पड़ और चप्पलें मार दी। इसके बाद दूसरा युवक भी आक्रोशित हो गया और उसने भी चप्पल उतारकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान एक युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहा था जबकि दूसरा सामान्य हालत में था।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मारपीट का वीडियो संज्ञान में आया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला शाहाबाद ग्राम न्यायालय परिसर के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में शामिल युवकों की पहचान कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा पहचान के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।