हरदोई में छिनैती करने वाले आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल, दूसरा गिरफ्तार

हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र में महिला से सोने का झाला छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को ग्राम नेकपुर हातिमपुर निवासी अमित कुमार रैदास ने थाना सांडी में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को वह अपनी मां सुजाता और भाभी सविता के साथ बाइक से शादी समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान सैतियापुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी भाभी के कान का सोने का झाला छीन लिया और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बघौली रोड स्थित भट्ठे के पास चेकिंग शुरू की। तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शीलू पुत्र निर्मल निवासी गोधाई मजरा नयागांव के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी अमित पुत्र मधुरपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में कांस्टेबल ब्रजेश कुमार शुक्ला भी घायल हुए हैं।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की बाइक, दो सोने के झाले, दो मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।