हरदोई में तेज रफ्तार डंपर का कहर, बस और ई-रिक्शा में मारी टक्कर, सात गंभीर घायल

हरदोई। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी प्राइवेट बस और ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर से लौट रही प्राइवेट बस मियांपुर बस स्टॉप पर सवारियां लेने के लिए खड़ी थी। बस के आगे एक ई-रिक्शा खड़ा था, जिसमें कई लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस आगे खड़े ई-रिक्शा से जा भिड़ी और ई-रिक्शा सड़क किनारे खाई में पलट गया।
हादसे में वेदप्रकाश कोटेदार (60) पुत्र सोबरन निवासी हूंसेपुर, सत्यम (15) पुत्र विनोद, शालिनी (14) पुत्री प्रमोद, कुनाल (10) पुत्र प्रमोद निवासी मियांपुर, प्रियंका (22), विशाल (26) और रेखा (48) घायल हो गए। बताया गया कि शालिनी अपनी मां रेखा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दवा लेने शाहाबाद जा रही थी।
सूचना मिलते ही बेहटागोकुल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। चार घायलों को सीएचसी टोडरपुर में भर्ती कराया गया, जबकि तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।