प्रयागराज मंडल के 14 प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा शुरू

प्रयागराज मंडल के 14 प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा शुरू

भीषण गर्मी में रेलवे व सामाजिक संस्थाओं की पहल से यात्रियों को राहत

प्रयागराज। गर्मी के तीव्र प्रकोप और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा प्रारंभ की गई है। यह सेवा मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

रेल प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से स्टेशन परिसरों में यात्रियों को स्वच्छ, ठंडा और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। पेयजल केंद्रों पर दिनभर नि:शुल्क जल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे प्रतिदिन हजारों यात्री लाभान्वित हो रहे हैं।

मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कई संस्थाएं सक्रिय रूप से इस सेवा में योगदान दे रही हैं। मिर्जापुर स्टेशन पर जयहिंद मानवाधिकार संगठन एवं भला मानुष सेवा समिति, फिरोजाबाद स्टेशन पर भारत विकास परिषद, शिकोहाबाद स्टेशन पर श्री शिवसुंदर कांड सेवा समिति तथा अलीगढ़ जंक्शन पर मानव उपकार संगठन द्वारा यात्रियों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी क्रम में हाथरस जंक्शन पर रामगोपाल दीक्षित मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्था, सूबेदारगंज स्टेशन पर भारत स्काउट एंड गाइड तथा गोविंदपुरी और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रैपिडो संस्था द्वारा पेयजल सेवा में सहयोग किया जा रहा है।

इसके अलावा इटावा जंक्शन पर भारत विकास परिषद एवं दहेज निवारण एवं समाज कल्याण परिषद, फतेहपुर स्टेशन पर रेडक्रॉस सोसायटी, मानिकपुर स्टेशन पर आदिवासी सेवा संस्थान, खुर्जा स्टेशन पर नगर पालिका तथा टूंडला जंक्शन पर आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्ति संगठन द्वारा यात्रियों के लिए नि:शुल्क शीतल जल की व्यवस्था की गई है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी बताया है। रेल प्रशासन ने कहा कि सामाजिक संगठनों का यह सहयोग जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल है। भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के जनकल्याणकारी प्रयास लगातार जारी रहेंगे तथा अधिकाधिक संस्थाओं को इस अभियान से जोड़े जाने का प्रयास किया जाएगा।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल