पुणे-गोरखपुर समेत चार विशेष ट्रेनें निरस्त, यात्रियों को परेशानी

रेल दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनें निरस्त, मार्ग परिवर्तित और पुनर्निर्धारित

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि मध्य रेलवे के अकोलनेर-अहिल्यानगर-निंबलक स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को निरस्त करने, कुछ के मार्ग में परिवर्तन करने तथा कुछ को पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01415 पुणे-गोरखपुर विशेष 14 मई 2026 से 18 मई 2026 तक निरस्त रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर-हडपसर विशेष 15 मई से 19 मई 2026 तक निरस्त रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 01449 पुणे-दानापुर विशेष एक्सप्रेस 16 और 17 मई 2026 को तथा गाड़ी संख्या 01450 दानापुर-हडपसर विशेष एक्सप्रेस भी 16 और 17 मई 2026 को निरस्त रहेगी।

मार्ग परिवर्तन के तहत गाड़ी संख्या 12630 निजामुद्दीन-यशवंतपुर एक्सप्रेस 15 मई 2026 को मनमाड़, नासिक, इगतपुरी, कल्याण, पनवेल, कर्जत, लोनावला और पुणे होकर चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 17323 हुबली-बनारस एक्सप्रेस 15 मई 2026 को सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, लातूर रोड, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और मनमाड़ जंक्शन होकर संचालित होगी। गाड़ी संख्या 12627 बेंगलुरु-नई दिल्ली एक्सप्रेस 15, 16 और 17 मई 2026 को सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, लातूर रोड, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और मनमाड़ जंक्शन मार्ग से चलेगी। गाड़ी संख्या 11078 जम्मू तवी-पुणे एक्सप्रेस 14, 15 और 16 मई 2026 को मनमाड़, नासिक, इगतपुरी, कल्याण, पनवेल, कर्जत, लोनावला और पुणे होकर संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 20657 हुबली-निजामुद्दीन एक्सप्रेस 15 मई 2026 को सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, लातूर रोड, परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और मनमाड़ होकर चलेगी, जबकि गाड़ी संख्या 20658 निजामुद्दीन-हुबली एक्सप्रेस 17 मई 2026 को मनमाड़, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, लातूर रोड, कुर्डुवाड़ी और सोलापुर होकर संचालित होगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस 16 मई 2026 को पुणे, लोनावला, कर्जत, पनवेल, इगतपुरी, नासिक और मनमाड़ होकर चलेगी। गाड़ी संख्या 22685 यशवंतपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस भी 16 मई 2026 को पुणे, लोनावला, कर्जत, पनवेल, कल्याण, नासिक और मनमाड़ होकर संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 22590 हडपसर-बनारस एक्सप्रेस 16, 17 और 18 मई 2026 को परिवर्तित मार्ग से चलेगी तथा इस दौरान दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर और कोपरगांव पर ठहराव नहीं ले सकेगी। इसके स्थान पर यह ट्रेन पनवेल, कल्याण और नासिक स्टेशन पर ठहराव लेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 22589 बनारस-हडपसर एक्सप्रेस 14, 15 और 16 मई 2026 को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी और इस दौरान कोपरगांव, अहिल्यानगर तथा दौंड कॉर्ड लाइन स्टेशन पर ठहराव नहीं लेगी। इसके स्थान पर यह ट्रेन नासिक, कल्याण और पनवेल स्टेशन पर ठहरेगी।

री-शेड्यूलिंग के तहत गाड़ी संख्या 01432 गाजीपुर सिटी-हडपसर विशेष 17 मई 2026 को गाजीपुर सिटी से अपने निर्धारित समय 04:20 बजे के स्थान पर 08:20 बजे रवाना होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी रेलवे पूछताछ, वेबसाइट या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।