रेलपथ मरम्मत कार्य के चलते 12 मई को बंद रहेगा इमली फाटक

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलपथ मरम्मत कार्य कराए जाने के कारण जयपुर-गांधीनगर रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या-219 (इमली फाटक) 12 मई 2026 को सड़क यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह फाटक सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलपथ की मरम्मत एवं आवश्यक तकनीकी कार्यों के चलते यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान फाटक से होकर गुजरने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उक्त समय अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।