जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद, ऑक्यूपेंसी 96% के पार

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के लिए यह गर्व की बात है कि नवनिर्मित उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) पर संचालित जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने अपने शुरुआती दिनों में ही यात्रियों के बीच शानदार लोकप्रियता हासिल कर ली है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस ट्रेन को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और इसकी ऑक्यूपेंसी दर 96 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

बीते सप्ताह के शनिवार और रविवार को सप्ताहांत के दौरान करीब 11,000 यात्रियों ने इस हाईटेक ट्रेन से यात्रा की। यह आंकड़ा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी की बढ़ती मांग और वंदे भारत के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाता है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 2 मई 2026 से नियमित सेवा शुरू होने के बाद अब तक लगभग 40,000 यात्रियों ने वंदे भारत एक्सप्रेस की अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाया है। वहीं पिछले नौ दिनों के आंकड़ों के अनुसार ट्रेन की औसत ऑक्यूपेंसी 86.5 प्रतिशत रही है, जो इसे अत्यधिक सफल और लोकप्रिय सेवा साबित करती है।

यह वंदे भारत एक्सप्रेस जम्मू और श्रीनगर के बीच की 267 किलोमीटर की दूरी मात्र 4 घंटे 50 मिनट में तय कर रही है। सड़क मार्ग की तुलना में यह ट्रेन न केवल समय की बचत कर रही है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव भी प्रदान कर रही है।

यात्रा के दौरान यह ट्रेन इंजीनियरिंग के दो अद्भुत चमत्कारों दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज चेनाब ब्रिज और अंजी खड़ ब्रिज से होकर गुजरती है। इन ऐतिहासिक पुलों से गुजरने का रोमांच पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने सुरक्षा मानकों, आरामदायक कोच, आधुनिक सुविधाओं और सुगम यात्रा व्यवस्था की जमकर सराहना की है।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि आगामी पर्यटन सीजन में ट्रेन की शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी की संभावना है। उन्होंने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों को समय की बचत के साथ-साथ हिमालय की वादियों के बीच एक शानदार और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल