मुरादाबाद में स्लम बस्तियों में चला अग्नि सुरक्षा चेकिंग अभियान, लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के क्रम में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया।

स्कीम नंबर-15 के तहत मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में अग्निशमन केंद्र कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी और कांठ की टीमों द्वारा जनपद के दुर्बल/निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव संबंधी चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम ने झोपड़पट्टी क्षेत्रों में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के कारणों का निरीक्षण किया और लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उपस्थित नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीब और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को रोकना तथा लोगों को सतर्क और सुरक्षित बनाना।