मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा सप्ताह का समापन, अस्पतालों में चला जागरूकता अभियान

मुरादाबाद। पुलिस उप महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश से 29 अप्रैल 2026 तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुरादाबाद के निर्देशों के क्रम में जनपद मुरादाबाद में 04 मई 2026 से 10 मई 2026 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इस दौरान सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज अभियान के अंतर्गत आग की रोकथाम को लेकर प्रभावी कार्यवाही की गई।

अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 10 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी की टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में विभिन्न अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान के दौरान आम जनमानस को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया तथा अस्पतालों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही मॉक ड्रिल एवं सुरक्षा मूल्यांकन के माध्यम से आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ाना तथा आगजनी की घटनाओं को रोकना है।

डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय मुख्य अग्निशमन अधिकारी