समय की पाबंदी बढ़ाने को एनएफआर का बड़ा कदम: 80 से अधिक ट्रेनों के समय में बदलाव

गुवाहाटी। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और ट्रेनों की समयपालन क्षमता में सुधार के उद्देश्य से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने अपने नेटवर्क पर चलने वाली 80 से अधिक ट्रेन सेवाओं के समय में बदलाव किया है। यह संशोधित समय-सारणी 30 अप्रैल 2026 से लागू की जा रही है, जिसमें मेल/एक्सप्रेस, पैसेंजर, डीएमयू तथा लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों के परिचालन को सुव्यवस्थित करना, समय की पाबंदी बेहतर बनाना और असम व अन्य पूर्वोत्तर राज्यों सहित आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा प्रदान करना है। इसके साथ ही एनएफआर से अन्य क्षेत्रों में आने-जाने वाली ट्रेनों की नियमितता में भी सुधार होने की उम्मीद है।

एनएफआर द्वारा जिन प्रमुख ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है, उनमें 12087/12088 नाहरलगुन-गुवाहाटी शताब्दी एक्सप्रेस, 20501/20502 आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12423/12424 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 15641/15642 सिलचर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, 15669/15670 गुवाहाटी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तथा 15675/15676 गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा गुवाहाटी, कामाख्या, लामडिंग, न्यू हाफलंग, बदरपुर, डिब्रूगढ़, न्यू तिनसुकिया, रंगिया, सिलचर और अगरतला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी संशोधित समय लागू किया गया है। वहीं असम और त्रिपुरा में कई पैसेंजर और डीएमयू सेवाओं के समय में भी परिवर्तन किया गया है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी और ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई समय-सारणी से ट्रेनों की देरी में कमी आएगी, प्रमुख जंक्शनों और टर्मिनलों पर ट्रेनों के बीच तालमेल बेहतर होगा तथा एनएफआर के संपूर्ण नेटवर्क पर परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी। इससे यात्रियों को छोटी और लंबी दूरी की यात्रा में अधिक समयपालन का लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले एनटीईएस, पीआरएस पूछताछ प्रणाली या नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेनों के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, एनएफआर