एनएफआर ने लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में भैंसों की टक्कर रोकने के लिए तेज किए सुरक्षा उपाय

एनएफआर ने लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में भैंसों की टक्कर रोकने के लिए तेज किए सुरक्षा उपाय

सुरंगों के पास बाड़बंदी, गांवों में जागरूकता अभियान भी शुरू

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने लामडिंग मंडल के अंतर्गत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लामडिंग-बदरपुर पहाड़ी सेक्शन में रेलगाड़ियों से भैंसों व अन्य मवेशियों के टकराने की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को तेज कर दिया है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाना और साथ ही पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

एनएफआर द्वारा उन संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां पहले भी मवेशियों के ट्रैक पर आ जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में प्रमुख रेलवे सुरंगों के पास बाड़ लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि भैंसों और मवेशियों को रेलवे ट्रैक पर आने से रोका जा सके।

रेलवे के अनुसार टनल संख्या 16 और पुल संख्या 262 के बीच रेल पटरियों के दोनों ओर लगभग 150 मीटर लंबी बाड़बंदी का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा टनल संख्या 10 और टनल संख्या 12 के पास भी बाड़ लगाने का कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन प्रयासों से मवेशियों के ट्रैक पर आने की संभावना कम होगी और रेल परिचालन सुरक्षा में सुधार आएगा।

बुनियादी ढांचे के साथ-साथ एनएफआर द्वारा स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। खासकर न्यू हारांगाजाओ-डिटकछड़ा सेक्शन के आसपास स्थित गांवों में रेलवे अधिकारी, ग्राम परिषदों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय कर रहे हैं। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि मवेशियों का रेलवे ट्रैक और सुरंगों में जाना न केवल पशुओं के लिए घातक हो सकता है, बल्कि ट्रेन संचालन के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।

अभियान के तहत ग्रामीणों में पर्चे वितरित किए जा रहे हैं और जागरूकता पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि पशु मालिक अपने पशुधन को रेलवे ट्रैक से दूर रखें।

एनएफआर ने कहा कि निरंतर निगरानी, बाड़बंदी जैसे संरचनात्मक उपायों और समुदाय की भागीदारी के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित एवं निर्बाध ट्रेन संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। रेलवे ने स्थानीय निवासियों और पशु मालिकों से अपील की है कि वे रेलवे सुरक्षा में सहयोग करें और पशुओं से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

यह जानकारी एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा द्वारा जारी की गई।