गर्मी की भीड़ में यात्रियों को बड़ी राहत: बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-रतलाम अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शुरू

गोरखपुर। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने बड़ी राहत देते हुए 09157/09158 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-रतलाम ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए बांद्रा टर्मिनस से 10 मई 2026 तथा गोरखपुर से 11 मई 2026 को संचालित की जाएगी।

रेल प्रशासन के अनुसार 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 10 मई को रात्रि 00.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद शाम 17.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में 09158 गोरखपुर-रतलाम विशेष ट्रेन 11 मई को रात्रि 20.30 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बयाना, सवाई माधोपुर, कोटा और नागदा होते हुए तीसरे दिन रात्रि 01.00 बजे रतलाम पहुंचेगी।

रेल प्रशासन ने बताया कि इस गाड़ी में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी/शयनयान श्रेणी के 18 कोच तथा 02 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि इस ट्रेन के सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे, जिससे सामान्य यात्रियों को आसानी से यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह विशेष ट्रेन गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और लंबी दूरी की यात्रा को सुगम बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

सुमित कुमार, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी