मुंबई सबअर्बन में सुरक्षा को नई मजबूती: EMU ट्रेनों में SILAS सिस्टम का उन्नयन

मुंबई। मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सुरक्षित एवं त्रुटिरहित ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्य रेल (Central Railway) ने एक महत्वपूर्ण सुरक्षा पहल के तहत EMU ट्रेनों में SILAS (Signal Location Announcement System) का उन्नयन शुरू किया है। इसके अंतर्गत सभी EMU ट्रेनों के ड्राइविंग कैब में SILAS प्रणाली को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे मोटरमैन को सिग्नल पहचानने एवं सुरक्षित संचालन में बेहतर सहायता मिल सकेगी।

मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क विश्व के सबसे व्यस्त रेल नेटवर्कों में से एक है, जहां प्रतिदिन 2,300 से अधिक ट्रेनें स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के तहत संचालित होती हैं। इस नेटवर्क पर अधिकतर सिग्नल 400 से 500 मीटर की दूरी पर लगे होते हैं और लगभग 400 सिग्नल दाईं ओर, अत्यंत दाईं ओर, बाईं ओर तथा अत्यंत बाईं ओर स्थित हैं। ऐसे में मोटरमैन को अत्यधिक दबाव में कार्य करना पड़ता है, जिससे मानवीय त्रुटि की संभावना बढ़ जाती है।

इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए SILAS प्रणाली को अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि सिग्नल मिस होने की संभावना न्यूनतम की जा सके और ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित हो सके।

SILAS क्या है और यह कैसे कार्य करता है?

SILAS एक GPS आधारित सिग्नल लोकेशन अनाउंसमेंट सिस्टम है, जो ट्रेन की वास्तविक स्थिति (Live Location) के आधार पर अगले सिग्नल का नंबर और उसकी दिशा बाएं, अत्यंत बाएं, दाएं या अत्यंत दाएं की जानकारी ऑडियो के माध्यम से मोटरमैन को देता है। यह प्रणाली वर्तमान में मुंबई मंडल में उन्नयन के चरण में है।

SILAS की मुख्य कार्यक्षमताएं

सिग्नल के पास पहुंचने से पहले 350 मीटर और 250 मीटर पर सिग्नल नंबर एवं स्थिति की ध्वनि सूचना प्रदान की जाती है।

पीला सिग्नल पार होने पर सिस्टम लगातार चेतावनी देता है?

Be careful, next signal is Red

यह चेतावनी अगले हरे या डबल पीले सिग्नल तक जारी रहती है।

प्रत्येक मार्ग के सभी सिग्नलों की ऑडियो रिकॉर्डिंग, GPS निर्देशांक एवं लोकेशन पहले से SILAS में लोड रहती है। ट्रेन प्रारंभ होने से पहले ट्रेन मैनेजर द्वारा उपयुक्त लाइन का चयन किया जाता है, जैसे?

डाउन लोकल (Slow), अप लोकल, डाउन थ्रू (Fast), अप थ्रू आदि।

चयनित मार्ग के अनुसार अगला ठहराव स्टेशन 500 मीटर और 250 मीटर पहले घोषित किया जाता है, जैसे?

Next halt: Thane (यह सुविधा विकासाधीन है)।

प्रमुख विशेषताएं

मोटरमैन को सहायता: रीयल-टाइम ऑडियो अलर्ट देकर सुरक्षित संचालन में मदद।

ड्राइविंग व्यवहार विश्लेषण: पीले सिग्नल, प्लेटफॉर्म एंट्री, PSR तथा न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर गति की निगरानी, जिससे मोटरमैन को सुरक्षा एवं कौशल सुधार हेतु मार्गदर्शन दिया जा सके।

रीयल-टाइम ट्रेन ट्रैकिंग: EMU ट्रेनों की लाइव लोकेशन और गति की निगरानी, जिससे परिचालन नियंत्रण बेहतर होगा।

इलेक्ट्रॉनिक सह-पायलट की तरह करेगा कार्य

मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में मोटरमैन अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सिंगल-मैन जॉब करते हैं। SILAS का यह उन्नयन एक इलेक्ट्रॉनिक सह-पायलट की तरह कार्य करेगा, जिससे मोटरमैन का तनाव कम होगा और यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी सिग्नल छूटे नहीं।

यह पहल उपनगरीय सेवाओं में Zero SPAD (Signal Passed at Danger) के लक्ष्य की दिशा में मध्य रेल का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

डॉ. स्वप्नील निला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल