श्रीगंगानगर के भोमपुरा में तूड़ी से भरी ट्रॉली में लगी आग, चालक झुलसा

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र के भोमपुरा गांव में बड़ा हादसा हो गया। तूड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। बिजली की तार से टच होने के कारण ट्रॉली में आग भड़क उठी। हादसे में ट्रैक्टर चालक भी झुलस गया जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली की तार से टच हुई ट्रॉली....

जानकारी के अनुसार भोमपुरा गांव में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी भरकर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान गांव के रास्ते से गुजरते समय ऊपर से निकल रही बिजली की हाईटेंशन लाइन से ट्रॉली टच हो गई। देखते ही देखते तूड़ी ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में पूरी ट्रॉली आग की लपटों से घिर गई।

चालक झुलसा, अस्पताल में भर्ती....

आग की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक भी झुलस गया। ग्रामीणों ने तुरंत उसे ट्रैक्टर से बाहर निकाला और रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू....

घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर नगरपालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग आसपास के घरों या खेतों तक नहीं फैली वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे में ट्रॉली में भरी पूरी तूड़ी जलकर राख हो गई।

पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव में झूलती तारों को दुरुस्त करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हो।