पदमपुर-हनुमानगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बाइक-टेंपो की टक्कर में युवक की मौत

श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर-हनुमानगढ़ मार्ग पर बीती देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बींझबायला गांव के पास बाइक और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी में रखवाया।

बींझबायला के पास हुआ हादसा....

जानकारी के अनुसार हादसा बीती देर रात पदमपुर- हनुमानगढ़ मार्ग पर बींझबायला के पास हुआ। एक तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

108 एंबुलेंस से पहुंचाया सीएचसी....

राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को बींझबायला की सीएचसी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घमुड़वाली थाने के एएसआई श्योपत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया।

शिनाख्त के प्रयास जारी....

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है जिसके कारण शिनाख्त नहीं हो पाई है। एएसआई श्योपत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में सूचना भेज दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार टेंपो चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।