विधायक जयदीप बिहाणी पर मुकदमा दर्ज, RUIDP अधिकारी से मारपीट का आरोप

श्रीगंगानगर शहर में सीवरेज प्रोजेक्ट को लेकर चल रहे विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। विधायक जनसेवा केंद्र में RUIDP अधिकारी से मारपीट के मामले में गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी सहित उनके पीए और समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक पर एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हुआ है।

AEN जगनलाल बैरवा से हुई थी मारपीट....

मामला RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा से जुड़ा है। आरोप है कि विधायक जनसेवा केंद्र में जनसुनवाई के दौरान विधायक बिहाणी उनके पीए मनीष गर्ग और करीब एक दर्जन समर्थकों ने अधिकारी जगनलाल बैरवा के साथ मारपीट की। घटना के बाद अधिकारी का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण करवाया गया था।

वकील ने दी जानकारी....

जगनलाल बैरवा के वकील अरविंद्र गील ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके मुवक्किल के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने विधायक जयदीप बिहाणी, पीए मनीष गर्ग सहित दर्जन भर समर्थकों पर एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दोनों पक्षों ने दर्ज करवाए मामले....

गौरतलब है कि इससे पहले विधायक जयदीप बिहाणी ने भी RUIDP के AEN जगन्नाथ बैरवा और प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज पर हमला करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया था। विधायक का आरोप था कि L&T और RUIDP के कार्यों को लेकर सवाल पूछने पर अधिकारियों ने उन पर हमला किया और उनके चेहरे पर चोट आई। अब अधिकारी पक्ष की ओर से भी क्रॉस एफआईआर दर्ज होने से मामला और गरमा गया है।

पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। शहर में सीवरेज व पेयजल प्रोजेक्ट को लेकर पहले से ही नाराजगी का माहौल है। अब इस कानूनी कार्रवाई के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।