रेल मंत्रालय की ‘रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026’ शुरू, रेल यात्रा के अनुभव लिखकर जीतें 10 हजार तक का इनाम

रेलकर्मियों सहित आम जनता के रेल यात्रा से जुड़े अनुभव प्राप्त करने और उन्हीं अनुभवों के आधार पर रेलवे सुविधाओं में सुधार तथा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने वर्ष 2026 के लिए ?रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना? प्रतियोगिता आयोजित की है। इस योजना के अंतर्गत कोई भी भारतीय नागरिक अपनी रेल यात्रा से जुड़ी यादगार घटनाओं और अनुभवों को लेख के रूप में प्रस्तुत कर नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र जीत सकता है।

रेल मंत्रालय के अनुसार भारत में हर नागरिक अपने जीवन में कई बार रेल यात्रा करता है और इस दौरान अनेक रोचक, भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव उसके मन में अंकित हो जाते हैं। अब उन्हीं मीठी यादों को हिंदी में लिखकर प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। योजना के तहत प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 6,000 रुपये रखा गया है। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनकी राशि 4,000 रुपये प्रति पुरस्कार निर्धारित की गई है।

रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि रेल यात्रा वृत्तांत हिंदी भाषा में तथा पूर्णतः मौलिक होना चाहिए। वृत्तांत न्यूनतम 3000 शब्दों और अधिकतम 3500 शब्दों के बीच होना अनिवार्य है। लेख डबल स्पेस में टाइप किया हुआ होना चाहिए और चारों ओर कम से कम एक इंच का हाशिया छोड़ा जाना चाहिए। साथ ही शब्दों की कुल संख्या और पृष्ठ संख्या का उल्लेख करना भी जरूरी होगा। वृत्तांत के प्रारंभ में एक अलग कागज पर नाम, पदनाम, आयु, कार्यालय या आवास का पता, मातृभाषा, मोबाइल नंबर, ई-मेल तथा शब्दों की संख्या जैसी जानकारी बड़े अक्षरों में देना अनिवार्य किया गया है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले केंद्रीय या राज्य सरकार के अधिकारी और कर्मचारी को यह घोषणा पत्र देना होगा कि उनके विरुद्ध किसी प्रकार का सतर्कता, अनुशासन या अपील नियम से संबंधित कोई मामला लंबित नहीं है। वहीं जो आवेदक सरकारी सेवा में नहीं हैं, उन्हें यह घोषणा देनी होगी कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं चल रहा है और वे किसी प्रकार की सजा नहीं भुगत रहे हैं। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को यह भी लिखित रूप में प्रमाणित करना होगा कि प्रस्तुत किया गया रेल यात्रा वृत्तांत उनकी मौलिक रचना है और इसे किसी अन्य पुरस्कार योजना के अंतर्गत पहले पुरस्कृत नहीं किया गया है।

रेल मंत्रालय ने बताया कि इस योजना में भाग लेने के इच्छुक नागरिक अपनी प्रविष्टि दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या-316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 के पते पर अनिवार्य रूप से भेज दें। केवल एक प्रति प्राप्त होने पर प्रविष्टि रद्द कर दी जाएगी तथा अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर मंत्रालय द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।

यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा द्वारा जारी की गई है।