रेलवे की तत्परता से महिला यात्री को वापस मिला ₹1.5 लाख का एप्पल टैबलेट

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को मजबूत करते हुए ईमानदारी की मिसाल पेश की है। अजमेर मंडल के डिप्टी सीटीआई ऋषि बजाज की त्वरित कार्रवाई से एक महिला यात्री का ट्रेन में छूटा करीब ₹1.5 लाख कीमत का एप्पल टैबलेट सुरक्षित रूप से वापस दिलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि महिला यात्री अपनी सहेली के साथ गाड़ी संख्या 19032 योग नगरी ऋषिकेश-साबरमती एक्सप्रेस के कोच B-2 में बर्थ संख्या 8 पर हरिद्वार से अजमेर तक यात्रा कर रही थी। मंगलवार सुबह अजमेर स्टेशन पर उतरते समय महिला यात्री अपना कीमती टैबलेट बर्थ पर ही भूल गईं।

ट्रेन के अजमेर से रवाना होने के बाद जब यात्री को टैबलेट छूटने का पता चला तो तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात डिप्टी सीटीआई ऋषि बजाज को कंट्रोल से सुबह लगभग 11 बजे संदेश प्राप्त हुआ। उन्होंने तुरंत चलती ट्रेन में कोच B-2 की बर्थ संख्या 7-8 के आसपास जांच की, जहां टैबलेट सुरक्षित मिला।

इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना देकर महिला यात्री से संपर्क किया। महिला यात्री के अनुरोध पर टैबलेट को आरपीएफ की सहायता से आबू रोड पर उनके परिचित को पूरी कागजी कार्रवाई के बाद सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।

महिला यात्री ने रेलवे प्रशासन की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया। वहीं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने डिप्टी सीटीआई ऋषि बजाज के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की सजगता और रेल सेवा की विश्वसनीयता का उत्कृष्ट उदाहरण है।