मई दिवस पर अजमेर मंडल में 34 उत्कृष्ट रेलकर्मी सम्मानित, महिला कल्याण संगठन ने किया अभिनंदन

अजमेर। मई दिवस (श्रमिक दिवस) के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल द्वारा रेलवे ऑफिसर्स क्लब, कचहरी रोड में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 महिला एवं पुरुष रेलकर्मियों (समूह डी श्रेणी) को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि एवं महिला कल्याण संगठन अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने सभी चयनित रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समूह "डी" के कर्मचारी रेलवे की वास्तविक रीढ़ हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने समर्पण और निष्ठा से रेलवे के संचालन को निरंतर मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि इन कर्मियों का कार्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि रेलवे की सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारू संचालन में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना रहा, जो वर्षों से पर्दे के पीछे रहकर रेलवे को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। सम्मान के लिए विशेष रूप से उन रेलकर्मियों का चयन किया गया जो सेवानिवृत्ति के निकट हैं अथवा जिन्होंने रेलवे सेवा में 20 वर्ष से अधिक का समय सफलतापूर्वक पूरा किया है।

सम्मानित कर्मचारियों में सिग्नल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, टीआरडी सहित रेलवे के अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कर्मठ सदस्य शामिल रहे।

कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की सचिव ज्योति उशाहरा, कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी, सहायक कार्मिक अधिकारी वंदना चौबे सहित अजमेर मंडल के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा, जहां सभी ने सम्मानित कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।