उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने किया अजमेर स्टेशन का सघन निरीक्षण

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने किया अजमेर स्टेशन का सघन निरीक्षण

यात्री सुविधा, सुरक्षा और विकास कार्यों का लिया जायजा

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने अजमेर मंडल का एक दिवसीय दौरा कर रेलवे की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अजमेर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक अमिताभ ने जयपुर से अजमेर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया, जिसमें उन्होंने मार्ग में रेलवे ट्रैक, संरचनाओं और परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

अजमेर स्टेशन पहुंचने के बाद उन्होंने स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा पुनर्विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ₹289 करोड़ की लागत से चल रहे अजमेर स्टेशन री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर, पार्किंग सहित अन्य क्षेत्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के पश्चात उन्होंने कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी स्वीकार किए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) अनूप शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अजमेर स्थित रेलवे के विभिन्न ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट का निरीक्षण कर वहां चल रहे प्रशिक्षण कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने मदार डिपो का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस निरीक्षण का उद्देश्य अजमेर मंडल में चल रहे विकास कार्यों को गति देना और यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।