महेसाणा से असम के लिए पहली बार जीरा रेक रवाना, अहमदाबाद मंडल ने माल ढुलाई में बनाया नया रिकॉर्ड

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल माल परिवहन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां दर्ज कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में मंडल द्वारा किए जा रहे नवाचारों से न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि देश की आपूर्ति श्रृंखला भी मजबूत हो रही है।

इसी क्रम में 06 मई 2026 को अहमदाबाद मंडल के महेसाणा स्टेशन से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के रंगिया मंडल अंतर्गत अजारा स्टेशन (असम) के लिए 4200 क्विंटल जीरा से लदी पहली ?डीम्ड वीपी रेक? सफलतापूर्वक रवाना की गई।

यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इस सेक्टर में पहली बार मसालों की संगठित रेल ढुलाई की गई है। इस माल परिवहन से रेलवे को करीब ₹25 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह पहल गुजरात के मसाला उद्योग को पूर्वोत्तर भारत के बाजारों से सीधे जोड़ने में सहायक होगी। साथ ही, यह रेल परिवहन को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी।

कच्छ से कश्मीर तक खाद्य तेल की आपूर्ति भी बनी उपलब्धि

अहमदाबाद मंडल ने हाल ही में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गांधीधाम क्षेत्र के भीमासर स्टेशन से जम्मू-कश्मीर के बाड़ी ब्राह्मण और अनंतनाग तक खाद्य तेल की माल ढुलाई सफलतापूर्वक की गई।

इस विशेष फ्रेट मूवमेंट में:

11 BCN वैगन बाड़ी ब्राह्मण के लिए

09 BCN वैगन अनंतनाग के लिए भेजे गए

इस परिवहन से रेलवे को ₹17 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि "कच्छ से कश्मीर" तक खाद्य तेल की निर्बाध आपूर्ति भारतीय रेलवे की व्यापक पहुंच और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क का प्रमाण है।

व्यापार को नई गति, रेलवे पर बढ़ा भरोसा

अहमदाबाद मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) द्वारा उद्योगों एवं व्यापारिक संस्थानों के साथ निरंतर संवाद कर उनकी जरूरतों के अनुसार त्वरित और कस्टमाइज्ड लॉजिस्टिक समाधान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप नए कमोडिटी ट्रैफिक का विस्तार हो रहा है, व्यापारिक समुदाय का रेलवे पर विश्वास बढ़ रहा है और सड़क परिवहन पर दबाव कम हो रहा है।

माल ढुलाई में अग्रणी बन रहा अहमदाबाद मंडल

ग्राहक-अनुकूल नीतियों, त्वरित रेक उपलब्धता, आधुनिक माल ढुलाई सुविधाओं और प्रभावी विपणन रणनीतियों के माध्यम से अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे के अग्रणी फ्रेट मंडलों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि ये उपलब्धियां भारतीय रेलवे के "Driving Progress, Delivering Prosperity" विज़न को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।