अहमदाबाद मंडल में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गरिमामय आयोजन

अहमदाबाद मंडल में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गरिमामय आयोजन

WRWWO-अहमदाबाद ने 30 रेलकर्मियों को किया सम्मानित

अहमदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO), अहमदाबाद मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न विभागों के 30 रेलकर्मियों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा उनके कठोर परिश्रम, लगन और निष्ठा की सराहना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर WRWWO अहमदाबाद मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शेफाली गुप्ता ने सभी रेलकर्मियों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है और इसकी सफलता के पीछे लाखों कर्मचारियों का अथक परिश्रम है। उन्होंने कहा कि ट्रैकमैन, गार्ड, लोको पायलट, तकनीकी कर्मचारी और स्टेशन स्टाफ सहित हर रेलकर्मी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाता है। मजदूर दिवस हमें श्रमिकों के योगदान का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में रेलकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि लाइन पर कार्य करने वाले कर्मचारी हर मौसम में बिना थके अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल केवल ट्रेनों और पटरियों का नेटवर्क नहीं, बल्कि यह कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास गढ़वाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारीगण, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलवे यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सम्मानित रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।