11 दिनों में अहमदाबाद मंडल से करीब 20 लाख यात्रियों ने किया सफर, समर सीजन में रेलवे ने किए व्यापक इंतजाम

अहमदाबाद। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और विशेष ट्रेनों के संचालन सहित कई स्तरों पर विशेष तैयारियां की गई हैं।

रेलवे के अनुसार 17 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक अहमदाबाद क्षेत्र के अहमदाबाद, साबरमती, असारवा, चांदलोडिया, मणिनगर, वटवा और गांधीनगर स्टेशनों से करीब 20 लाख (2 मिलियन) यात्रियों ने यात्रा की। यात्रियों की इस भारी संख्या को देखते हुए रेलवे ने क्राउड मैनेजमेंट को मजबूत करते हुए स्टेशन परिसर में सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की हैं।

समर सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए पश्चिम रेलवे ने 15 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 के बीच अहमदाबाद, साबरमती, असारवा, वटवा, भुज और गांधीधाम से कानपुर, आसनसोल, पटना, हरिद्वार, हावड़ा, दुर्गापुर सहित अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए कुल 33 विशेष ट्रेनों का संचालन किया। इन विशेष ट्रेनों के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों को जोड़ते हुए यात्रियों को बड़ी राहत दी गई। साथ ही इस दौरान विभिन्न ट्रेनों में 43 अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए अहमदाबाद और साबरमती स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। इन होल्डिंग क्षेत्रों का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को कम करना है, जिससे यात्रियों को ट्रेन आने तक सुरक्षित और आरामदायक इंतजार की सुविधा मिल सके। इन स्थानों पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, रोशनी और पंखों जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंडल ने पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया है। सभी स्टेशनों पर वाटर कूलरों की सर्विसिंग कराई गई है ताकि यात्रियों को ठंडा और साफ पानी उपलब्ध हो सके। स्वास्थ्य निरीक्षकों को समय-समय पर पानी की गुणवत्ता जांचने और क्लोराइड आधारित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एनजीओ, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्काउट-गाइड के सहयोग से साधारण श्रेणी के कोचों के पास यात्रियों को पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ की 24 घंटे तैनाती की गई है। आरपीएफ जवान वॉकी-टॉकी के जरिए निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं, वहीं संवेदनशील स्टेशनों और भीड़ वाले क्षेत्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म और स्टेशन के प्रवेश-निकास द्वारों पर सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

टिकटिंग व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए अहमदाबाद और साबरमती स्टेशनों पर अतिरिक्त बुकिंग काउंटर खोले गए हैं ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ स्टाफ यात्रियों को लगातार मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

यात्रियों तक जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेनों और समय-सारणी की सूचना इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड, लगातार उद्घोषणाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जा रही है। साथ ही समयपालन सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रियों को एटीवीएम और रेलवन ऐप से टिकट लेने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे द्वारा किए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।