ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को बड़ी राहत, खड़की-सांगानेर (जयपुर) एकतरफा स्पेशल ट्रेन का संचालन

Jaipur गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए खड़की से सांगानेर (जयपुर) के बीच एकतरफा स्पेशल रेलसेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से महाराष्ट्र से राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 01433 खड़की-सांगानेर (जयपुर) एकतरफा स्पेशल रेलसेवा का संचालन दिनांक 04 मई 2026 एवं 05 मई 2026 को कुल दो ट्रिप के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन खड़की स्टेशन से सुबह 09:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 07:45 बजे सांगानेर स्टेशन पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा अपने मार्ग में लोनावला, कल्याण, वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, अंकलेश्वर, वडोदरा, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा और सवाईमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 20 डिब्बे लगाए गए हैं, जिनमें 15 शयनयान कोच, 3 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय रहते टिकट आरक्षित कराकर यात्रा करें, ताकि उन्हें भीड़ के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो।