हरदोई में महिला से हार लूट का खुलासा, मुठभेड़ में एक घायल समेत चार आरोपी गिरफ्तार, रेकी कर लूट की घटनाओं को देते थे अंजाम

हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र में महिला से झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना 4 मई 2026 की है, जब लखनऊ निवासी मोनी सक्सेना शादी समारोह से लौटते समय अतरौली के पास पेट्रोल पंप पर रुकी थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनके गले से हार छीनकर कार से फरार हो गए थे।
मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। 5/6 मई की रात मुखबिर की सूचना पर ढिकुन्नी बाजार के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे।
महगवां रोड के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में इमरान निवासी अतरौली के पैर में गोली लग गई, जबकि शमीर, मुशीर और छोट को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस दौरान उपनिरीक्षक बलवंत सिंह भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सोने का हार, एक अर्टिगा कार, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रेकी कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे और हार बेचने जा रहे थे।
सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा घायल आरोपी व पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।