हरदोई में 7 लाख फिरौती न मिलने पर मासूम की हत्या का मामला, पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, बच्चे को मारकर मक्के के खेत में दफन किया था 

हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय अबू स्वालेह की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। यह मामला 5 मई 2026 को ग्राम मटियामऊ के पास मक्के के खेत में मिले मासूम के शव से जुड़ा हुआ है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर पुलिस ने 14 घंटे में आरोपी बदमाश को मार गिराया है, जो हरदोई प्रदेश पुलिस की सख्त कार्यशैली को प्रदर्शित करता हैं।
एसपी हरदोई ने घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। साथ ही पुलिस महानिरीक्षक किरण एस द्वारा मुख्य आरोपी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी क्रम में 6 मई 2026 को मल्लावां क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान इनामी अभियुक्त मेनूर उर्फ नूर उर्फ मेहनुद्दीन पुत्र मोईन निवासी कन्नौज को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी मल्लावां भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया। इलाज के दौरान आरोपी की मृत्यु हो गई। इस मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 32 बोर पिस्टल, .315 बोर तमंचा, एक मोटरसाइकिल तथा जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपहरण के बाद दुष्कर्म कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को खेत में दफना दिया। साथ ही घटना को गुमराह करने के लिए चोरी के सिम से फिरौती की कॉल भी की गई थी।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।