हरदोई में संदिग्ध हालात में जलकर मां-बेटी की मौत, ससुरालियों पर आग लगाने का आरोप, कार्रवाई की मांग

हरदोई। जिले के सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम नोनखारा निवासी छोटकन्नू ने अपनी बेटी और नातिन की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी बेवी की शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलियापुर मजरा कोइलारी निवासी रामू पुत्र नरेश से हुई थी।
आरोप है कि 22 अप्रैल को बेवी और उसकी मासूम बेटी को ससुराल पक्ष के लोगों ने आग लगाकर कमरे में बंद कर दिया। छोटकन्नू के अनुसार, जब दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं, तब ससुरालियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और फोन के जरिए घटना की जानकारी दी।
पीड़ित पिता ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि बेटी के पति रामू, देवर राधे और सास ने मिलकर यह घटना की और कमरे का दरवाजा नहीं खोला। गंभीर रूप से झुलसी नातिन की 28 अप्रैल को और बेटी बेवी की 2 मई को लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
छोटकन्नू का कहना है कि जब वह मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे तो उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।