रेलवे का सराहनीय प्रयास: जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग से यात्रियों को मिला आरामदायक सफर

जम्मू मंडल में यात्री अनुशासन और सुरक्षा सर्वोपरि, अप्रैल में चला सघन टिकट चेकिंग अभियान

13 हजार से अधिक बिना टिकट यात्री पकड़े गए, 76 लाख से ज्यादा राजस्व अर्जित

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को बेहतर सुविधा, सुरक्षित यात्रा और अनुशासित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अप्रैल 2026 के दौरान व्यापक टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत जम्मू मंडल ने 76 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें टिकट चेकिंग टीमों द्वारा जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, उधमपुर, पठानकोट कैंट सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की गई।

अप्रैल माह में 13 हजार से अधिक अनियमित यात्री पकड़े गए

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह के दौरान 13,000 से अधिक यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़ा गया। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 76 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजस्व वृद्धि के साथ-साथ ईमानदार यात्रियों के हितों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

आरक्षित यात्रियों को मिलेगी राहत

टिकट चेकिंग अभियान के तहत बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई होने से आरक्षित कोचों में अनधिकृत भीड़ कम होगी, जिससे वैध टिकटधारी यात्रियों को आरामदायक, शांतिपूर्ण और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सकेगी।

जागरूकता के लिए भी चलाया गया अभियान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा,

"हमारा प्राथमिक उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा अनुभव देना है। टिकट चेकिंग अभियान केवल दंड के लिए नहीं, बल्कि यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी है। हम यात्रियों से अपील करते हैं कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे की डिजिटल सेवाओं जैसे UTS on Mobile App और 'रेलवन' ऐप का उपयोग करें। आने वाले समय में इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि ईमानदार यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।"

यात्रियों से अपील

जम्मू मंडल ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अनाधिकृत विक्रेताओं से टिकट न खरीदें और हमेशा वैध टिकट के साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश करें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल