सुहाने मौसम ने बढ़ाया उत्साह, वैष्णो देवी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

कटड़ा। मां वैष्णो देवी की पावन यात्रा वीरवार को सुहाने मौसम के बीच श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रही। दिनभर आसमान में बादलों की लुकाछिपी और ठंडी हवाओं ने यात्रा को और भी आनंदमय बना दिया। मौसम की खुशगवार फिजा में श्रद्धालु पूरे जोश के साथ "जय माता दी" के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

श्राइन बोर्ड के अनुसार शाम पांच बजे तक करीब 17 हजार 500 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवा कर मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। यात्रा मार्ग पर भक्तों की भीड़ बनी रही और श्रद्धालु मां के दिव्य दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते रहे।

दर्शन के बाद कटड़ा बाजार भी रौनक से भर गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद, धार्मिक वस्तुएं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। सुहाने मौसम और भक्तिमय माहौल ने कटड़ा को पूरी तरह आस्था के रंग में रंग दिया।