जम्मू-कश्मीर में कल से दौड़ेगी वंदे भारत, जम्मू-श्रीनगर के बीच नियमित सेवा शुरू

जम्मू-कश्मीर में कल से दौड़ेगी वंदे भारत, जम्मू-श्रीनगर के बीच नियमित सेवा शुरू

यात्रियों में भारी उत्साह, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के लिए 02 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा उद्घाटन के बाद जम्मू और श्रीनगर के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित व्यावसायिक सेवा 02 मई से आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। यह देश की सबसे आधुनिक और तेज़ ट्रेनों में से एक है, जो कश्मीर घाटी को जम्मू से बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

वंदे भारत ट्रेन के संचालन से जम्मू-श्रीनगर यात्रा का अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा। ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को कम समय में यात्रा करने के साथ-साथ विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मिलेंगी।

पहले दिन की यात्रा को लेकर जबरदस्त क्रेज

कल की पहली आधिकारिक यात्रा को लेकर यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। टिकट बुकिंग शुरू होते ही जबरदस्त मांग सामने आई है। कई लोग इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बनने के लिए विशेष रूप से उत्साहित हैं।

स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। अब श्रीनगर तक की यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज़, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

वंदे भारत एक्सप्रेस से जम्मू और श्रीनगर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी। श्रीनगर के व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और शिकारा मालिकों ने भी इस सेवा का स्वागत किया है। उनका मानना है कि ट्रेन के संचालन से पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और कश्मीर घाटी में पर्यटन गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर ने किया जम्मू स्टेशन का निरीक्षण

इसी क्रम में 01 मई को रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (ट्रैफिक एंड कमर्शियल) ने जम्मू रेलवे स्टेशन का दौरा कर विभिन्न परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल भी मौजूद रहे।

अधिकारी ने स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कैटरिंग इंस्टॉलेशन और बेस किचन का विस्तृत निरीक्षण किया तथा यात्रियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जम्मू और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया।

20 कोच के साथ चलेगी वंदे भारत, क्षमता में बड़ा इजाफा

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि अब वंदे भारत एक्सप्रेस 20 कोच के साथ संचालित होगी। पहले 8 कोच वाली ट्रेन में लगभग 530 यात्री सफर कर सकते थे, लेकिन अब इस रूट पर 20-कोच वाली दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी, जिससे रोजाना लगभग 2900 यात्री यात्रा कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि यह ट्रेन जम्मू और श्रीनगर के बीच बेहद कम समय में दूरी तय करेगी और यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगी।

यात्रियों से अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि ट्रेन की जानकारी और टिकट बुकिंग के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, IRCTC तथा नजदीकी रेलवे स्टेशन से संपर्क किया जा सकता है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल