पीएम मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया लोकार्पण, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, दोनों को बताया महिला विरोधी

हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी। इस मौके पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित होगा और विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश दंगे, कर्फ्यू और परिवारवाद में जकड़ा हुआ था, लेकिन अब इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन अब यह एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे विकास और विरासत का संगम है, जो 12 जिलों को जोड़ते हुए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को 33% आरक्षण देने की पहल की गई, लेकिन इन दलों ने इसका विरोध किया। अगर यह पहले लागू होता तो अधिक संख्या में महिलाएं संसद और विधानसभा तक पहुंच पाती।
खबरें आ रही है कि बंगाल में रिकॉर्डतोड़ वोटिंग हो रही है। मैं बंगाल की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है। और वोटिंग में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। मैं बंगाल की जनता से आवाहन करूंगा कि लोकतंत्र में ऐसे ही भाग ले।
पहले बिहार में चुनाव हुए एनडीए ने जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया। अभी गुजरात जिला पंचायत तहसील पंचायत में 80 -85% नगर पालिका और जिला पंचायत भाजपा ने जीत ली है। और मुझे विश्वास है इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे। देश के तेज विकास के लिए हमें तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में जो शिलान्यास होता है, उसका समयबद्ध लोकार्पण भी होता है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं, बल्कि विकास और रोजगार का माध्यम है।
प्रधानमंत्री ने रिमोट बटन दबाकर 12:31 पर गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया और प्रदेश के विकास में इसे ऐतिहासिक कदम बताया।