बिजनौर में अस्पतालों व नर्सिंग होमों का फायर सेफ्टी निरीक्षण, 11 स्थानों पर चला विशेष अभियान

बिजनौर। महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के आदेशानुसार जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। स्कीम संख्या 03 के अंतर्गत 28 अप्रैल को जिले के विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होमों एवं चिकित्सा संस्थानों में फायर सेफ्टी निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान कुल 11 स्थानों पर निरीक्षण किया गया और करीब 260 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में आग से बचाव की तैयारियों को परखना, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता व क्रियाशीलता सुनिश्चित करना तथा स्टाफ को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित करना रहा।

निरीक्षण के अंतर्गत बिना प्रकाश हॉस्पिटल, सुमित्रा नर्सिंग होम, गायत्री नर्सिंग होम (सिविल लाइन बिजनौर), सद्भभावना हॉस्पिटल व अग्रवाल गैस्ट्रो हॉस्पिटल (नजीबाबाद रोड बिजनौर), श्री जी हॉस्पिटल (कोतवाली रोड नजीबाबाद), चंद्रा क्लिनिक (रायपुर रोड नजीबाबाद), बाला जी नर्सिंग होम (कोटद्वार रोड नजीबाबाद), जय ईश्वरी हॉस्पिटल (सरवनपुर कोतवाली रोड नजीबाबाद), एवन हॉस्पिटल (नगीना) तथा यावर क्लिनिक (नगीना) का निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा संबंधित अस्पताल एवं नर्सिंग होम संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें और उनका समय-समय पर अनुरक्षण कराते रहें। साथ ही अस्पताल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान उपस्थित व्यक्तियों को अग्नि सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए आग से बचाव के जरूरी उपाय भी बताए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि किसी भी संभावित अग्निकांड से जनहानि को रोका जा सके।