बिजनौर में अग्निशमन कर्मियों की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की कार्यक्षमता परखी गई

बिजनौर। अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता बनाए रखने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की विभागीय कार्यकुशलता और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से बिजनौर जनपद में साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ 21 जनवरी के माध्यम से निर्देश दिए गए थे कि जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर माह के प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई, क्रियाशीलता की जांच सहित अन्य रूटीन कार्य कराए जाएं।

इसी निर्देश के अनुपालन में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी बिजनौर के दिशा-निर्देशन में अग्निशमन केंद्र बिजनौर, नजीबाबाद एवं नगीना में उपलब्ध समस्त अग्निशमन कर्मियों को फालिन कर साप्ताहिक मॉक ड्रिल आयोजित कराई गई।

ड्रिल के दौरान अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध विशेष उपकरणों और स्पेशल एप्लायंसज की कार्यक्षमता की जांच की गई। साथ ही कर्मियों को विभिन्न प्रकार के कटर, टूल्स, पंप, स्मोक एग्जॉस्टर, फोम जेनरेटर तथा अलग-अलग साइज की ब्रांच समेत अन्य उपकरणों की जानकारी दी गई। उपकरणों के प्रयोग की विधि, क्षमता और आपात स्थिति में उनके सही उपयोग के बारे में भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल से अग्निशमन कर्मियों की तैयारियों को मजबूत किया जाता है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।