अजमेर मंडल में विश्व विरासत सप्ताह के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित

अजमेर मंडल में विश्व विरासत सप्ताह के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित

बच्चों को मिली फ्री हेरिटेज राइड व हेरिटेज वॉक की अनूठी अनुभूति

अजमेर। विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा रेलवे की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु कई रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मारवाड़-खामली घाट सेक्शन पर विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क विरासत यात्रा (फ्री हेरिटेज राइड) का आयोजन किया गया।

इस विशेष यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और अद्वितीय इंजीनियरिंग कौशल को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला।

मंडल कार्यालय के बोर्ड रूम में "विरासत" विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से रेलवे की समृद्ध विरासत को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही रेलवे विरासत विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रेलवे के इतिहास, विकास एवं योगदान पर अपने विचार साझा किए।

इसके अतिरिक्त 24 अप्रैल को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय एवं रेल म्यूजियम, अजमेर में विरासत भ्रमण (हेरिटेज वॉक) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज कुमार मीना द्वारा मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के निर्देशन में किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी अजय प्रकाश निगम की उपस्थिति में बच्चों को मंडल कार्यालय के ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य विशेषताओं और रेलवे विरासत की जानकारी दी गई।

अजमेर मंडल द्वारा आयोजित ये सभी कार्यक्रम रेलवे की गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं।