उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी कमल जोशी को मिला ‘जनसंपर्क श्री सम्मान’

उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी कमल जोशी को मिला ?जनसंपर्क श्री सम्मान?

राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर जयपुर में पीआरएसआई ने किया सम्मानित

जयपुर। 58वें राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री कमल जोशी को प्रतिष्ठित ?जनसंपर्क श्री सम्मान? से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई), जयपुर चैप्टर द्वारा 21 अप्रैल 2026 को जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

यह सम्मान उन्हें रेलवे जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा संचार के माध्यम से आमजन और विभाग के बीच प्रभावी सेतु बनाने की उनकी विशिष्ट कार्यशैली के लिए दिया गया। समारोह में बताया गया कि श्री कमल जोशी ने रेलवे से जुड़ी सूचनाओं को पारदर्शी ढंग से जनता तक पहुंचाने और सटीक सूचना तंत्र विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

श्री कमल जोशी पिछले लगभग 30 वर्षों से रेलवे के जनसंपर्क विभाग में कार्यरत हैं। उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 1997 में मुंबई में हुई थी, जहां उन्होंने करीब 6 वर्षों तक सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2002 में वे उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में पदस्थ हुए। वर्तमान में वे वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के पद पर कार्यरत हैं।

अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ श्री जोशी साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। उन्हें लेखन, गायन, गीत-सृजन और विभिन्न वाद्य यंत्रों के वादन में विशेष रुचि है। बीते 26 वर्षों में उन्होंने रेलवे के मंचों पर आयोजित लगभग 200 कार्यक्रमों में मंच संचालन किया है, जिनमें रेल मंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024-25 में देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मंच संचालन का अवसर भी उन्हें मिला था, जिसे वे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण मानते हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में उन्हें ?अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार? से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस वर्ष राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस का विषय ?जनसंपर्कः लोकतंत्र का पांचवां स्तम्भ - संवाद से विश्वास, विश्वास से विकास? रखा गया।

समारोह के मुख्य अतिथि फर्स्ट इंडिया समूह के प्रबंध संपादक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री पवन अरोड़ा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन. के. पांडेय ने की। समारोह में वरिष्ठ शिक्षाविद एवं पत्रकार डॉ. लालचंद भारतीय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इसके साथ ही कार्यक्रम में पीआरएसआई जयपुर चैप्टर की उपाध्यक्ष कविता जोशी, सचिव मनीष हूजा, शहर के गणमान्य पत्रकार, जनसंपर्क पेशेवर और अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।