एलटीटी-भागलपुर और एलटीटी-गोड्डा एक्सप्रेस अब संशोधित संरचना के साथ चलेंगी, रेलवे ने जारी की नई व्यवस्था

मुंबई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दो प्रमुख ट्रेनों की कोच संरचना में बदलाव करते हुए इसे स्थायी रूप से लागू करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 12336/12335 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 22312/22311 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोड्डा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस अब संशोधित संरचना के साथ स्थायी रूप से संचालित की जाएंगी।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन दोनों ट्रेनों की नई संरचना में कुल 22 एलएचबी कोच शामिल होंगे। संशोधित संरचना के तहत ट्रेन में 2 एसी 2 टियर, 6 एसी 3 टियर, 5 शयनयान श्रेणी, 6 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 जनरेटर कार, 1 पैंट्री कार तथा 1 सेकंड सीटिंग व लगेज सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल रहेगा।

रेलवे ने संशोधित संरचना लागू होने की तिथियां भी जारी की हैं। ट्रेन संख्या 12336/12335 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस अब 23 जून 2026 से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और भागलपुर दोनों ओर से संशोधित संरचना के साथ चलेगी। ट्रेन संख्या 22312 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोड्डा एक्सप्रेस 25 जून 2026 से एलटीटी से नई संरचना के साथ संचालित होगी, जबकि ट्रेन संख्या 22311 गोड्डा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 21 जून 2026 से गोड्डा से संशोधित संरचना के साथ चलाई जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in वेबसाइट पर जाएं या एनटीईएस ऐप डाउनलोड कर अपडेट प्राप्त करें।

यह जानकारी डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल द्वारा दी गई।