ट्रेन में मिला अकेला बच्चा सुरक्षित परिजनों से मिलाया, टीटीआई की तत्परता से टली अनहोनी

फिरोजपुर। ट्रेन में यात्रा कर रहे एक अकेले बच्चे को रेलवे स्टाफ की सतर्कता और संवेदनशीलता से सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। यह सराहनीय कार्य ट्रेन संख्या 04652 (अमृतसर?जयनगर क्लोन स्पेशल) में ड्यूटी के दौरान अमृतसर की टीटीआई पूजा शर्मा एवं शशि बाला द्वारा किया गया।

जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को टिकट चेकिंग के दौरान दोनों टीटीआई को स्लीपर कोच में लगभग 12 वर्षीय एक लड़का अकेले यात्रा करता हुआ मिला। बच्चे की स्थिति देखकर दोनों स्टाफ को संदेह हुआ। जब उससे उसके अभिभावकों के बारे में पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों टिकट चेकिंग स्टाफ ने तुरंत वाणिज्य नियंत्रण, फिरोजपुर को इसकी सूचना दी। उचित समन्वय के बाद बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों तक पहुंचाने के लिए अंबाला कैंट स्टेशन पर महिला आरपीएफ स्टाफ को सुपुर्द किया गया। इसके बाद आज बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अत्यंत तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य रेलवे की छवि को गौरवान्वित करता है और समस्त रेलकर्मियों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

रेलवे की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि यात्रियों में भी रेलवे प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।