फिरोजपुर मंडल में डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने के लिए 21 दिवसीय विशेष अभियान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा रेल यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के प्रति जागरूक करने तथा रेलवन (RailOne) के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 06 अप्रैल से 26 अप्रैल�तक 21 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

यह अभियान फिरोजपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों लुधियाना, अमृतसर, जालंधर सिटी, फिरोजपुर कैंट और ब्यास में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिदिन यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लाभों से अवगत कराने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

रेलवे द्वारा यात्रियों को जागरूक करने के लिए डेमो बूथ, टिकट चेकिंग स्टाफ व स्पोर्ट्सपर्सन के माध्यम से प्रचार, नुक्कड़ नाटक, रैली/पदयात्रा, सेल्फी प्वाइंट, डिजिटल डिस्प्ले, घोषणाएं तथा महिला जागरूकता कार्यक्रम जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत लुधियाना स्टेशन से की गई थी, जिसके बाद अन्य स्टेशनों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अभियान के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से टिकट बुकिंग, कैशलेस भुगतान और पेपरलेस यात्रा की सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को आसान, सुरक्षित और पारदर्शी टिकटिंग प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ, वाणिज्यिक कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स, सांस्कृतिक दल तथा महिला स्टाफ की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि ऐसे जागरूकता अभियान न केवल डिजिटल इंडिया को मजबूत करेंगे, बल्कि यात्रियों को आधुनिक, सरल और सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।