भीषण गर्मी में भी श्रद्धालुओं का जोश बरकरार, 22 हजार ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पंजीकरण

कटड़ा। सूर्यदेव के प्रचंड तेवरों के बावजूद मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। उमस भरे मौसम में भी श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से जयकारों के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं। रविवार शाम सात बजे तक करीब 22,000 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवा कर यात्रा शुरू कर दी।

हालांकि पिछले दो सप्ताह पहले तक प्रतिदिन 38 से 42 हजार श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद शनिवार को 33,300 श्रद्धालुओं की उपस्थिति से कटड़ा और भवन परिसर में रौनक बनी रही। स्थानीय व्यापारियों और सेवा से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि मई माह से यात्रा में और तेजी आएगी।

गर्मी में यात्रा कर रहे श्रद्धालु पसीने से जरूर तर-बतर हो रहे हैं, लेकिन माता के दर्शन की श्रद्धा उन्हें ऊर्जा और संबल दे रही है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्ग पर ठंडे पेयजल, मेडिकल सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और भोजन के बेहतर प्रबंध किए गए हैं।

यात्रा मार्ग पर लगाए गए वाटर कूलर, विश्राम स्थल और स्वास्थ्य केंद्र श्रद्धालुओं को राहत पहुंचा रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि व्यवस्थाएं बेहतर होने से यात्रा सहज और सुरक्षित बन रही है।

मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं का बढ़ता उत्साह यह दर्शाता है कि आस्था के आगे मौसम की कठिनाइयां भी छोटी पड़ जाती हैं।