नशीले पदार्थों से जुड़े अपराध पर बिना देरी करें कार्रवाई: डीजीपी नलिन प्रभात

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी मार्ग पर सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ बिना देरी के मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही तस्करी से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने और आदतन अपराधियों के खिलाफ निवारक हिरासत कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसे रोकने के लिए पुलिस को कठोर और त्वरित कदम उठाने होंगे। डीजीपी ने नए आपराधिक कानूनों के तहत मामलों की तेजी से जांच और निपटारे की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच एजेंसियां निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करें और जांच की दक्षता को बेहतर बनाया जाए।

बैठक के दौरान डीजीपी ने कटड़ा शहर और तीर्थ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।

इस बैठक में आईजी जम्मू भीमसेन टूटी, डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा, एसएसपी रियासी मुकुंद तिबरेवाल, एएसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी कटड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि मां वैष्णो देवी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खिलाफ अभियान को तेज करने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।