गर्मी के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था कायम, 18 हजार ने किए मां वैष्णो देवी के दर्शन

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में वीरवार को दिनभर तेज गर्मी का असर देखने को मिला। बढ़ते तापमान के कारण श्रद्धालुओं को कुछ परेशानियों का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन उनकी आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।"जय माता दी" के जयकारों के साथ श्रद्धालु लगातार त्रिकुटा पर्वत स्थित भवन की ओर रवाना होते रहे।

जानकारी के अनुसार शाम 6 बजे तक करीब 18,000 श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। यात्रा मार्ग पर हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहीं। वहीं भवन से भैरव घाटी तक रोपवे सेवा भी जारी रही, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की खास परेशानी नहीं हुई।

गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आस्था हर मौसम में अटूट रहती है।