वैष्णो देवी यात्रा में तेजी, शाम तक 16 हजार श्रद्धालु निकले भवन की ओर

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में सोमवार को मौसम ने दिनभर कई रंग दिखाए। दोपहर तक मौसम सामान्य रहा और तेज धूप रही, जबकि दोपहर बाद हल्के बादल छा गए। इसके बावजूद माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही।

सोमवार शाम 5 बजे तक करीब 16,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, बीते रविवार को करीब 27,000 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार देर शाम तक श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे केबल कार सेवाएं दिनभर सुचारु रहीं। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी नियमित रूप से संचालित होती रहीं, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिली।

प्रशासन एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।