कटड़ा में वैष्णो देवी ट्रैक व पहाड़ी इलाकों की सुरक्षा कड़ी, डीआईजी-एसएसपी ने किया पैदल दौरा

कटड़ा में वैष्णो देवी ट्रैक व पहाड़ी इलाकों की सुरक्षा कड़ी, डीआईजी-एसएसपी ने किया पैदल दौरा

दुर्गम क्षेत्रों में गश्त कर लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल माता वैष्णो देवी मंदिर, यात्रा मार्ग और आसपास के संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा ने एसएसपी रियासी मुकुंद तेबरीवाल के साथ मिलकर कटड़ा और वैष्णो देवी ट्रैक क्षेत्र का व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया।

डीआईजी एवं एसएसपी ने कटड़ा धर्मनगरी, वैष्णो देवी ट्रैक तथा उससे सटे दूरदराज पहाड़ी इलाकों गोबिया गांव, सुल्ल, रिमिंडी और देवी पिंडियां का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर समन्वय बैठक आयोजित कर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वयं पैदल गश्त करते हुए दुर्गम क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने देवी पिंडियां ट्रैक पर यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से भी सीधे बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। अधिकारियों की इस सक्रियता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

इस मौके पर अधिकारियों ने बीडीजी (ग्राम रक्षा समूह) को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी, एसडीपीओ और चौकी इंचार्ज काकड़ियाल को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में नियमित गश्त, सघन चेकिंग और सतर्क निगरानी सुनिश्चित की जाए।

डीआईजी और एसएसपी ने आम जनता एवं स्थानीय निवासियों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या राष्ट्र विरोधी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की इस पहल से स्पष्ट है कि माता वैष्णो देवी यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां हर स्तर पर सतर्कता बरत रही हैं।