वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अरविंद शर्मा को जोधपुर मंडल में भावभीनी विदाई

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कार्यरत वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अरविंद शर्मा के इस माह सेवानिवृत्त होने पर गुरुवार को मंडल कार्यालय में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अरविंद शर्मा के सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ किया। उनके कार्यकाल में सामग्री प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपादित हुए, जिससे मंडल की कार्यप्रणाली को मजबूती मिली।

इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने अरविंद शर्मा को साफा पहनाकर, माला तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार सहित सभी शाखाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि अरविंद शर्मा का सरल स्वभाव, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण हमेशा सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से मंडल को लंबे समय तक लाभ मिलता रहा।

समारोह के अंत में उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।