हरदोई में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में उतरी भाजपा महिलाएं, विपक्ष के खिलाफ किया प्रदर्शन, बोली- विपक्षी हमेशा सही का विरोध करते हैं

हरदोई। जिले में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की छात्राएं भी प्रदर्शन में शामिल रही।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाए और महिलाओं के सम्मान में नारी शक्ति मैदान में तथा ?महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान? जैसे नारे बुलंद किए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के पुतले भी फूंके।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि जहां भाजपा सरकार 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगी दल इसे जाति और धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेत्री रीना गुप्ता ने कहा, हम लोगों के लिए 33% आरक्षण की मांग के लिए प्रधानमंत्री बिल लेकर आए, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उसका विरोध किया। इसी के विरोध में हम लोग सड़क पर उतरे हैं। प्रियंका गांधी से मैं पूछना चाहूंगी कि सीटें बढ़ने से उन्हें क्या समस्या है, वह 2023 का आरक्षण लागू करने की बात क्यों कर रही हैं। वह खुद एक महिला हैं, फिर महिला आरक्षण का विरोध क्यों कर रही हैं।
वहीं भाजपा नेत्री प्रियंका सिंह ने कहा, नारी सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री द्वारा लाए गए बिल का विपक्षी दलों ने विरोध किया और उसे पास नहीं होने दिया। इसी के विरोध में हम लोगों ने प्रदर्शन किया है। विपक्ष का काम हमेशा विरोध करना रहा है, चाहे वह धारा 370 हो, तीन तलाक हो या अयोध्या राम मंदिर।