हरदोई में पंचायत चुनाव प्रचार में बवाल, फायरिंग से इको कार में लगी गोली, कहासुनी के बाद घटना से हड़कंप

हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहशोगा गांव में मंगलवार देर शाम पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कहासुनी के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों और दूसरे पक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान पीछे से गुजर रही एक इको कार में गोली लग गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, गांव लखनौर निवासी प्रधान प्रत्याशी सुमित शुक्ल अपने समर्थकों के साथ सहशोगा गांव में जनसंपर्क कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर झड़प और फिर फायरिंग में बदल गई।
फायरिंग के दौरान एक गोली पीछे से आ रही इको कार में जा लगी। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ लोग फायरिंग करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने बताया कि मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों से संयम बरतने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।